Home » राजनीति » CM of Haryana and Delhi : रेखा गुप्ता के Birthday Celebration में नाम लिए बिना कांग्रेस पर बरसे CM सैनी

CM of Haryana and Delhi : रेखा गुप्ता के Birthday Celebration में नाम लिए बिना कांग्रेस पर बरसे CM सैनी

CM of Haryana and Delhi : किसी कार्यक्रम में राजनीतिक दल के नेता और मंत्री मौजूद हो और वहां पर उनकी ओर से अपने विरोधी दलों पर कोई कटाक्ष ना किया जाए, ऐसा हो नहीं सकता। जी हां, मौका था दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के जन्मदिन का। कार्यक्रम हरियाणा के जींद जिले में आयोजित किया गया था। यहां पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अपनी बहन कहकर संबोधित किया और एक भाई की तरह से सभी फर्ज भी निभाए। जैसे-जैसे कार्य़क्रम आगे बढ़ता रहा, वैसे-वैसे वह राजनीतिक रंग भी लेने लगा। आखिर यह वैसे था तो एक राजनीतिक कार्यक्रम ही, जिसे एक पारिवारिक कार्यक्रम बनाने का प्रयास किया गया था। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जहां अनेकों परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। वहीं, उन्होंने किसी भी दल का नाम लिए बिना विरोधी दलों खासकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

वंशवाद नहीं, परिश्रम से होंगे तय    

सैनी ने कहा हमारी सरकार प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास , सबका प्रयास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा के एक छोटे से गांव नन्‍दगढ़ में जन्मी बेटी रेखा गुप्ता को प्रधानमंत्री ने दिल्ली की जिम्मेदारी देने का काम किया है। आप इसी तरह जनसेवा और राष्ट्रसेवा में काम करती रहें और दिल्ली को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री की राजनीतिक जीवन यात्रा हमें बताती है कि भारत आज बदल रहा है और नन्‍दगढ़ जैसे छोटे से गांव में जन्मी और दिल्ली जैसे महानगर की मुख्यमंत्री बन जाती है। यह न केवल महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है बल्कि पूरे देश को एक संदेश भी देती है कि अब भारत में वंशवाद से नहीं, बल्कि परिश्रम से जनसेवक तय होते हैं।

गिनवाए करोड़ों के विकास कार्य     

मंच से राजनेता और वह भी किसी प्रदेश का मुखिया कोई संबोधन दें और वहां उनके द्वारा या फिर उनकी सरकार की ओर से करवाए गए कामों का ब्यौरा ना दिया जाए ऐसा नहीं हो सका। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच से कहा कि वर्ष 2014 से अब तक हमारी सरकार ने जुलाना विधानसभा क्षेत्र में 20,433 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्य करवाए हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में केवल 202 करोड़ रुपए के काम ही हुए थे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में जुलाना विधानसभा क्षेत्र के लिए 88 घोषणाएं की हैं। इनमें से 85 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं तथा 2 पर काम जारी है। इसके अलावा जींद जिले के लिए कुल 628 घोषणाएं की हैं। इनमें से 541 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं। शेष पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि जींद का विकास अब दो गुना गति से नहीं बल्कि तीन गुना गति से करना हमारी सरकार का संकल्प है।

हरियाणा तेजी से विकास की राह पर अग्रसर – रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हरियाणा तीव्र गति से विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना, विकसित हरियाणा और विकसित दिल्ली के माध्यम से ही साकार होगा। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में सड़क नेटवर्क सुदृढ़ हुआ है और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा इसी गति से विकास के मामले में नित नई ऊंचाइयां छुएगा।

ट्रिपल इंजन सरकार ने विकास कार्यों को गति – बेदी

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाएं पूरी पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ आमजन तक पहुंच रही हैं। ट्रिपल इंजन की सरकार ने विकास कार्यों को तेज गति दी है, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। उन्होंने रेखा गुप्ता को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे केवल दिल्ली की कर्मठ नेता ही नहीं, बल्कि हरियाणा की अस्मिता और गौरव का प्रतीक भी हैं। उनका आत्मबल और सेवा भावना आज नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। आने वाले समय में रेखा गुप्ता देश की राजनीति में नई ऊंचाइयों को छुएंगी।

मुख्यमंत्री 24 घंटे जनता की सेवा में समर्पित – डॉ. मिड्ढा

MLA Dr. Krishna Midha
MLA Dr. Krishna Midha

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली, सहजता और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी मुख्यमंत्री आत्मविश्वास और मुस्कान के साथ 24 घंटे जनता की सेवा में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिल रहा और मुख्यमंत्री आवास के दरवाजे जनता के लिए 24 घंटे खुले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News