Big action by CM Nayab Singh Saini : हरियाणा सरकार ने बाजरा खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दो मंडियों के अधिकारियों को निलंबित कर सख्त कदम उठाया है। नई अनाज मंडी, कनीना और अनाज मंडी, कोसली में ई-खरीद पोर्टल और मार्केट कमेटी के एच-रजिस्टर में विसंगतियां पाए जाने और गेट पास जारी करने की प्रक्रिया में अनियमितताएं पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, नई अनाज मंडी, कनीना के सचिव-सह-ईओ मनोज पाराशर और अनाज मंडी, कोसली के सचिव-सह-ईओ नरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसके अलावा, मार्केट कमेटी करनाल में अलग-अलग आईपी का उपयोग करके फर्जी गेट पास जारी करने के मामले में तीन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मंडी पर्यवेक्षक हरदीप और अश्वनी, तथा नीलामी रिकॉर्डर सतबीर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष खरीद सुनिश्चित करने के लिए मंडियों की निरंतर निगरानी कर रही है और सभी संबंधित अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया के दौरान हर स्तर पर पूरी तत्परता बनाए रखने के सख्त निर्देश पुनः जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी जिला उपायुक्तों और मंडी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि मंडियों में पारदर्शी और निष्पक्ष खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा. किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सैनी ने हाल ही में कुरुक्षेत्र और अन्य जिलों का दौरा कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया था, जहां उन्होंने लापरवाही पर सस्पेंशन की मिसाल कायम की। हरियाणा सरकार ने बाजरा के लिए 91 खरीद केंद्र खोले हैं, लेकिन किसान संगठनों का कहना है कि एमएसपी से कम दामों पर निजी आढ़तियों को बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। सरकार ने भावांतर भुगतान योजना के तहत नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया है।



