HARYANA NEWS : हरियाणा में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब सख्त हो गए हैं। अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के पक्ष में आई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान को लेकर भी सीएम नायब ने करारा जवाब दिया है। सैनी ने ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आऱोप लगाते हुए इसे देश की सुरक्षा के खिलाफ बताय।
सीएम सैनी ने किया पलटवार
गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे बंग्लादेशियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान को लेकर सियासी बवाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री सैनी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि हरियाणा में बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए कोई स्थान नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द प्रदेश से बाहर निकाला जा रहा है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले लोगों के प्रति सहानुभूति दिखाना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि राष्ट्रीय हितों के खिलाफ भी है। सीएम ने आगे लिखा कि यह अत्यंत निंदनीय है कि एक मुख्यमंत्री तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते एस हद तक गिर जाएं कि वह देश की सुरक्षा तक के समझौता करने लगे। भारत की एकता, संप्रभुता और संविधान के खिलाफ कोई भी समझौता हरियाणा में स्वीकार नहीं है। हमारे लिए देश का हित सर्वोपरि है और हमेशा रहेगा।

ममता ने बताया था ‘भाषाई आतंक’
दो दिन पूर्व ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट में लिखा था कि हरियाणा के गुरुग्राम में पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से हमारे बंगाली भाषी लोगों को हिरासत में लिए जाने और उन पर अत्याचार की लगातार खबरें मिल रही हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस को हरियाणा पुलिस से पहचान पत्र तलाशी के अनुरोध के नाम पर ये खबरें मिल रही है। राजस्थान जैसे अन्य राज्यों में भी लगातार इस तरह की खबरें मिल रही हैं। हमारे अधिकारियों को उनके उचित दस्तावेजों की प्रतियां मिल गई हैं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि हरियाणा और राजस्थान जैसे भाजपा शासित राज्यों में बंगाली भाषी श्रमिकों को परेशान किया जा रहा है, उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है और कुछ को बांग्लादेश तक खदेड़ा जा रहा है। ममता ने इन घटनाओं को ‘भाषाई आतंक’ बताया था।
200 बांग्लादेशी दबोचे
हरियाणा सरकार के आदेशानुसार प्रदेशभर में अवैध तरीके से रहने वाले बांग्लादेशियों की धरपकड़ चल रही है। अभी तक छह माह में तकरीबन 200 बांग्लादेशियों को पकड़ा गया है। प्रदेश में इन्हें पकड़ने के बाद दिल्ली में बने शरणार्थी स्थलों पर पहुंचाया जा रहा है, जहां से केंद्र सरकार की टीम इनके सत्यापन सहित आगे की कार्रवाई कर रही है। गुरुग्राम में बीते दिनों पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रह रहे आठ बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया था। इन लोगों के पास से कुछ भारतीय और बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद हुए हैं। इन्हें निर्वासित किया जाएगा।



