चंडीगढ़ : कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोप को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो चली है। इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। सैनी ने कांग्रेस नेताओं को बागी बताते हुए कहा कि कुछ कांग्रेस नेताओं ने चुनाव में भी उनकी मदद की थी। शहरी स्थानीय निकायों में विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आयोजित हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
कांग्रेस के सभी नेता बगावती
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस में सभी नेता बगावती हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला का नाम लेकर कहा कि कोई नेता शुद्ध नहीं है। सारी कांग्रेस बागी हो चुकी है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को लोगों ने दिल से समर्थन और आशीर्वाद दिया है। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने भी चुनाव में हमारी मदद की थी। लोग चेहरा नहीं, काम देखते हैं।
मोदी ने वोट चोरी के रास्ते बंद किए
नायब सैनी ने कहा कि इंडी गठबंधन ईवीएम को दोष दे रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई कांग्रेस नेता चाहते हैं कि ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से चुनाव हों। पीएम मोदी ने इनके वोट चोरी के सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। हुड्डा भी इसलिए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते हैं, ताकि पहले की तरह वोटों की चोरी की जा सके। यह लोग बैलेट पेपर से वोटों की चोरी किया करते थे। उन्होंने ईवीएम में गड़बड़ी के आरोपों को नकारते हुए कहा कि हरियाणा में सात विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिन पर भाजपा सिर्फ 12 हजार मतों के अंतर से चुनाव हारी है।
कांग्रेस नहीं मानती अंबेडकर का संविधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केंद्रीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर भारतीय संविधान का अपमान कर रही है। कांग्रेस को नकारकर देश व प्रदेश के लोगों ने भाजपा के प्रति जो भरोसा जताया है, कांग्रेस उसका भी अपमान कर रही है। कांग्रेस ने कभी देश के लोकतंत्र और संसद का सम्मान करना नहीं सीखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब भ्रष्टाचार हावी था और देश व प्रदेश का हर व्यक्ति दुखी था। सैनी ने कहा कि हम माननीय अदालतों के फ़ैसले को बाबा भीमराव अंबेडकर के संविधान के तहत सम्मान करते हैं लेकिन कांग्रेस भीमराव अंबेडकर के संविधान को नहीं मानती।



