Home » ताजा खबर » मानसून सत्र के पहले दिन हंगामे के आसार, कांग्रेस लाएगी काम रोको प्रस्ताव

मानसून सत्र के पहले दिन हंगामे के आसार, कांग्रेस लाएगी काम रोको प्रस्ताव

Haryana Vidhan Sabha Monsoon Session : आज दोपहर से शुरू हो रहे हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में पहले ही दिन हंगामा होने के पूरे आसार है। सत्र के पहले ही दिन विपक्ष हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। कांग्रेस की ओर से विधानसभा सचिवालय में काम रोको प्रस्ताव तक दिया गया है। विपक्ष सत्र के पहले ही दिन प्रदेश में मांगी जा रही फिरौती, फिरौती, हत्या और नेताओं को मिलने वाली धमकी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।

विपक्ष की मंशा को भांपते हुए सरकार की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भाजपा विधायकों के साथ बैठक कर अपनी रणनीति पहले ही बना चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश के मौजूदा ज्वलंत मुद्दे में भिवानी की महिला अध्यापिका मनीषा की मौत में सरकार की ओर से अंतिम संस्कार करवाने के साथ मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश देकर विपक्ष से इस मुद्दे को भी छीनने की कोशिश की है।

इस बार भी बिना नेता के कांग्रेस !

पिछले 10 माह में यह चौथा सत्र होगा, जिसमें कांग्रेस बिना नेता प्रतिपक्ष के नजर आएगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद संभावना जताई जा रही थी कि मानसून सत्र से पहले कांग्रेस अपनी पार्टी के विधायक दल के नेता का नाम घोषित कर सकती है। लेकिन कांग्रेस की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई। हालांकि विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ही बिना घोषणा के विपक्ष के नेता की भूमिका में होते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी बजट सेशन में कह चुके हैं कि हमारी नजर में हुड्डा ही विपक्ष के नेता हैं। संवैधानिक पदों पर होने वाली नियुक्तियों पर निर्णय लेने के लिए आयोजित बैठकों में हुड्डा ही कांग्रेस की ओर से शामिल होते रहे हैं।

कांग्रेस ने दिया काम रोको प्रस्ताव

हरियाणा के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से कानून व्यवस्था की स्थिति पर दिए गए काम रोको प्रस्ताव पर हंगामा होने की संभावना है। विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण यदि आज ही इस प्रस्ताव को चर्चा के लिए स्वीकार नहीं करते तो कांग्रेस पहले दिन ही वॉक आउट कर सकती है।

विधायकों की जिम्मेदारी का भी उठेगा मुद्दा

हरियाणा भाजपा की ओर से विधानसभा चुनाव में हारी 42 विधानसभा सीटों पर मंत्रियों और विधायकों को जिम्मेदारी लगाई गई है। इनमें अधिकांश सभी सीटों पर कांग्रेस के नेता ही चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। ऐसे में कांग्रेस को यह शंका है कि बीजेपी की ओर से अपने विधायक और मंत्रियों को दी गई जिम्मेदारी के बाद से उनके विधायकों का इलाके में कम प्रभाव होगा। ऐसे में कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे को भी सदन में उठाया जा सकता है। साथ ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत तैनात कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा को लेकर मुद्दा प्रमुखता से सदन में उठाया जाएगा। इसके साथ ही बारिश के दिनों में साइबर सिटी गुरुग्राम समेत प्रदेश के तमाम हिस्सों में हुए जलभराव को भी विपक्ष की ओर से मुद्दा बनाया जाएगा।

मंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे नायब सैनी

मानसून सत्र में उठाए जाने वाले सवालों के जवाब को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी आज 12 बजे विधानसभा के कमेटी हाल में मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में उन सभी प्रश्नों पर चर्चा होगी, जो आज के प्रश्नकाल में लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News