Haryana : पावन अमरनाथ और वैष्णव देवी धाम यात्रा पूर्ण होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, पूर्व मंत्री असीम गोयल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ौली ने कई मुद्दों पर मीडिया के सवालों के जवाब दिए। बड़ौली ने जहां अभय चौटाला को मिली धमकी और एसवाईएल के पानी पर अपनी बात कही। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के इस बार होने वाले मन की बात कार्यक्रम को लेकर भी बड़ा दावा किया।
‘नहीं बख्शेगी सरकार’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सही दिशा में काम कर रही है। नायब सरकार में कानून व्यवस्था बहुत बढ़िया और मजबूत है। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला को मिली धमकी पर उन्होंने कहा कि बाहर बैठे लोग जो धमकियां दे रहे हैं उन पर सरकार कड़ा शिकंजा कसेगी, किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
‘पंजाब सरकार कर रही दिखावा’
एसवाईएल मुद्दे पर बोलते हुए बड़ौली ने कहा कि इसे जानबूझ कर राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। एसवाईएल में पानी पूरा है, लेकिन पंजाब की मान सरकार कम पानी का दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल का समाधान शीघ्र ही होगा।
हर बूथ पर सुनी जाएगी ‘मन की बात’
बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में हमारी जिलों तक इकाईयां बन चुकी है और अन्य कार्य भी शीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘‘मन की बात’’ को सुनने में हरियाणा पूरे देश में नंबर-1 है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ हैं, इस बार 242 बूथ छूट गए थे जिन पर मन की बात कार्यक्रम को नहीं सुना गया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि मन की बात के अगले कार्यक्रम को 100 प्रतिशत सभी बूथों पर सुना जाएगा और पोर्टल पर अपलोड़ भी किया जाएगा।



